नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। रसुवा इलाके में बाढ़ के तेज बहाव में बहकर आया एक बैंक लॉकर धादिंग जिले में त्रिशूली नदी के किनारे पहुंच गया। लॉकर को देखते ही कुछ लोगों ने उसे तोड़ दिया और अंदर रखी नकदी निकाल ली। मामले में नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं।
बाढ़ में बहकर आया लॉकर, फिर मची कैश की लूट
बताया जा रहा है कि रसुवा में बाढ़ के तेज बहाव में बैंक का भारी-भरकम लॉकर बह गया था। पानी के साथ बहता हुआ यह लॉकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे पहुंच गया। स्थानीय लोगों की नजर जब इस लॉकर पर पड़ी तो उन्होंने उसे खोलने की कोशिश शुरू कर दी। आरोप है कि लॉकर को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली गई। देखते ही देखते बाढ़ की तबाही के बीच नदी किनारे कैश लूटने की होड़ मच गई। सूचना मिलने के बाद नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल ने कार्रवाई शुरू की और अलग-अलग स्थानों से संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लॉकर से कितनी कुल रकम बरामद होनी थी और इसमें कितने लोग शामिल थे।
महिला के शव से बालियां निकालने का भी आरोप
इसी बीच नेपाल में बाढ़ से जुड़ी एक दूसरी शर्मनाक घटना भी सामने आई है। नारायणी नदी में बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना का करीब एक मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में दो व्यक्ति महिला के शव को पानी से बाहर खींचते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों उसके कानों से बालियां निकालते नजर आते हैं। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए मदन गुरुड और उमेश चौधरी को गिरफ्तार किया है।
प्राकृतिक आपदा के बीच इंसानियत पर सवाल
नेपाल इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है। बाढ़ और भूस्खलन ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। हजारों लोग प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। एक तरफ लोग अपने परिजनों की तलाश और जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ आपदा के बीच सामने आई बैंक लॉकर से नकदी लूटने और शव से गहने निकालने जैसी घटनाओं ने इंसानियत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नेपाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इन घटनाओं में और कितने लोग शामिल थे।
Post a Comment