कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत ग्वालटोली के समीप कुसीदा वाली सड़क पर बुधवार को जर्जर बिजली तार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेज होने के बाद बिजली का तार टूटकर एक घर पर जा गिरा, जिससे घर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि घटना के समय घर में लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में बिजली के तार और पोल लंबे समय से जर्जर हैं। तारों में स्पार्किंग और आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। लोगों का कहना है कि शिकायत के बावजूद जर्जर तारों को बदलने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से घटनास्थल पर तत्काल जर्जर तार और पोल हटाकर नए तार व पोल लगाने की मांग की है। साथ ही अगलगी में प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है। लोगों ने चेतावनी दी कि समय रहते जर्जर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी जनहानि हो सकती है।
Post a Comment