मीरगंज थाना एवं सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही बिजली तार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी किया गया 200 मीटर बिजली तार, घटना में प्रयुक्त टेंपो, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल बरामद किया गया है।
बताया गया कि बिजली तार चोरी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। चोर मेन लाइन काटकर बिजली के तार चोरी कर लेते थे और बाद में तार को गलाकर बेच देते थे। इस संबंध में 16 जुलाई और 7 अगस्त 2026 को मीरगंज थाना एवं सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज किए गए थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्णिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धमदाहा के नेतृत्व में मीरगंज, भवानीपुर, सरसी थानाध्यक्षों एवं तकनीकी शाखा की संयुक्त विशेष एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर धमदाहा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव में छापेमारी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिकेश कुमार (24), पिता लक्ष्मी राम, सुनील कुमार राम (25), पिता अरुण राम, छोटू कुमार राम (26), पिता नुनूलाल राम, सभी निवासी विशनपुर, थाना धमदाहा तथा मुकेश मंडल (39), पिता पालो मंडल, निवासी तुलसीपुर कुरिया विशनपुर, थाना धमदाहा के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान के लिए साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment