Top News

शादी के दो महीने बाद एक साथ उठे पति-पत्नी के जनाजे, दहगांव में मातम


बहादुरगंज प्रखंड के दहगांव में एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जिस घर में महज दो महीने पहले शादी की शहनाई गूंजी थी, उसी घर से अब पति-पत्नी के जनाजे एक साथ उठे। पत्नी की बीमारी से मौत के सदमे में पति ने भी अपनी जिंदगी खत्म कर ली। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।

दहगांव निवासी अंसार की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। वह लुधियाना में कारोबार करते थे। उनकी पत्नी अपेंडिक्स की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान पत्नी की मौत हो गई। पत्नी की मौत की खबर ने अंसार को भीतर से तोड़ दिया।

अंसार पत्नी का शव लेकर सिलीगुड़ी से बहादुरगंज थाना क्षेत्र के भोरादह गांव स्थित उसके मायके पहुंचे। परिजनों के बीच पत्नी की मौत का गम अभी थमा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद अंसार ने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। एक साथ दो मौतों की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों के अनुसार, अंसार लुधियाना में रहता था। पत्नी की अपेंडिक्स की बीमारी के कारण सिलीगुड़ी में इलाज के दौरान मौत हुई थी। पत्नी की मौत के सदमे में अंसार ने आत्महत्या कर ली। मृतकों के परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया गया कि अंसार को 19 अगस्त को वापस लुधियाना लौटना था, लेकिन इससे पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। अंसार अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था। बेटे और बहू की एक साथ मौत ने बुजुर्ग माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां और शहनाई की आवाज गूंज रही थी, वहां अब चीख-पुकार सुनाई दे रही है। एक साथ पति-पत्नी के जनाजे उठते देख गांव का हर शख्स भावुक हो उठा। इस दर्दनाक घटना ने पूरे दहगांव और आसपास के इलाके को शोक में डुबो दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post