Top News

ठाकुरगंज में स्कूली बस और बोलेरो की टक्कर, बच्चों समेत कई घायल


ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को स्कूल लेकर जा रही चामा पब्लिक स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना ठाकुरगंज थाना के समीप ठाकुरगंज-किशनगंज मुख्य सड़क पर हुई।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय की बस बच्चों को उनके घरों से लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान मुख्य सड़क पर बस की एक चारपहिया वाहन (बोलेरो) से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बस में सवार कई छात्र-छात्राओं के भी घायल होने की सूचना है।

दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ठाकुरगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का इलाज शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post