बहादुरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मंगलवार को किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान राशन वितरण, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि विवाद सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी और आम लोगों से मिल रही शिकायतों को लेकर सांसद का रुख सख्त नजर आया।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. जावेद आजाद ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर है। ऐसी स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों से प्राप्त आवेदनों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
Post a Comment