Top News

किशनगंज में एयरपोर्ट विस्तार के लिए 27 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण


शहर के खगड़ा स्थित सर्किट हाउस में मंगलवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री डॉ. जायसवाल ने विकास योजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागीय कार्यों, राजस्व संग्रह तथा भू-अर्जन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री ने बताया कि खगड़ा में एयरपोर्ट के विस्तार की योजना है, जिसके लिए करीब 27 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। इसके अलावा खगड़ा मेला की जमीन पर चहारदीवारी निर्माण तथा खगड़ा में भव्य ऑडिटोरियम निर्माण की भी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बहादुरगंज-टेढ़ागाछ सड़क निर्माण में कुछ स्थानों पर भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सीआईएसएफ प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण के लिए 122 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई जाएगी,  जिसकी हैंडओवर प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक के दौरान मंत्री ने पांच भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से बासगीत पर्चा वितरण का अभियान चलाया जा रहा है और अब तक करीब 30 हजार भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा प्रदान किया गया है।

मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार से जुड़े कार्यों का समयबद्ध और प्रभावी निष्पादन सरकार की प्राथमिकता है। आम लोगों को भूमि संबंधी मामलों में अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, किशनगंज में लंबित भूमि विवादों के त्वरित समाधान की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post