Top News

सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, कई मामलों का मौके पर निपटारा


बारसोई प्रखंड के भवानीपुर पंचायत स्थित मदरसा अंजुमन इस्लामिया, ग्वाल टोली में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और संबंधित विभागों को आवेदन देकर समाधान की मांग की। अधिकांश विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि लंबित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

हालांकि, पीएचईडी और बिजली विभाग के पदाधिकारियों के शिविर में मौजूद नहीं रहने से इन विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को निराशा हुई। ग्रामीणों को संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी इंतजार करना पड़ेगा।

मुखिया प्रतिनिधि मो. नूरुल इस्लाम उर्फ नूरुल ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की सराहनीय पहल है। प्रत्येक पंचायत में नियमित रूप से शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान होगा और उन्हें सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

शिविर में मुखिया साहनु खातून, मुखिया प्रतिनिधि मो. नूरुल इस्लाम, सरपंच प्रतिनिधि मो. मंजूर उर्फ बाईसू, वार्ड सदस्य मो. नदीम हैदर, मो. अंसार, मो. मुजम्मिल, मो. शकील, समाजसेवी सह डीलर सद्दाम हुसैन, डीलर अब्दुर रज्जाक, कांग्रेस युवा नेता मास्टर हसन रजा, मुखिया प्रत्याशी मो. फहीम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए इसे नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Post a Comment

Previous Post Next Post