बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लौहागाड़ा गांव में पानी का मोटर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी का मोटर भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान लौहागाड़ा निवासी 25 वर्षीय राजा, पिता नसीम साह के रूप में हुई है। मेडिकल जांच के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, लौहागाड़ा वार्ड नंबर-5 निवासी युसुफ अंसारी, पिता इसराइल अंसारी, ने 19 अगस्त को बहादुरगंज थानाध्यक्ष को आवेदन देकर बताया कि सुबह करीब पांच बजे सोकर उठने पर उनके घर से कोयल कंपनी का पानी का मोटर गायब था।
खोजबीन के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि गांव के ही राजा ने मोटर चोरी कर अपने घर में छिपाकर रखा है। इसके बाद युसुफ अंसारी राजा के घर पहुंचे, जहां से चोरी का मोटर बरामद कर लिया गया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने युसुफ अंसारी के आवेदन के आधार पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 524/2026, दिनांक 19 अगस्त 2026 दर्ज किया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 303(2) और 317(2) के तहत दर्ज की गई है।
मामले की जांच एसआई अंगद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Post a Comment