सदर अस्पताल में नवनिर्मित दो बेड के आईसीयू वार्ड में शनिवार को अचानक एसी का बेल्ट टूट गया। इससे भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को कुछ देर परेशानी का सामना करना पड़ा। एसी खराब होने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए तत्काल इलेक्ट्रिशियन को बुलाया गया। जांच में एसी का बेल्ट टूटने की बात सामने आई। करीब आधे घंटे के भीतर बेल्ट बदलकर एसी को दोबारा चालू कर दिया गया, जिसके बाद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
बताया जाता है कि सदर अस्पताल के दूसरे तल पर गत 5 अगस्त को दो बेड वाले आईसीयू सेवा की शुरुआत की गई थी। उद्घाटन के बाद से ही गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मरीजों की सुविधा को देखते हुए आईसीयू वार्ड में एसी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए गए हैं। हालांकि, सेवा शुरू होने के महज तीन दिन बाद ही एसी में तकनीकी खराबी आने से व्यवस्था पर सवाल भी उठने लगे।
अस्पताल के टेक्नीशियन विक्रम कुमार राय ने बताया कि आईसीयू वार्ड में लगाए गए सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नए हैं। एसी का तापमान 30 डिग्री पर फिक्स किया गया है। कमरे का तापमान निर्धारित स्तर पर पहुंचने के बाद एसी स्वतः बंद हो जाता है। शनिवार को अचानक एसी का बेल्ट टूट गया था, जिससे कुछ देर के लिए समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि करीब आधे घंटे के भीतर बेल्ट बदलकर एसी को फिर से चालू कर दिया गया।
Post a Comment