पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के कोल्था पंचायत अंतर्गत सतमेरी स्थित डोंक नदी में शनिवार को नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
लापता युवक की पहचान कुशल सुब्बा के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग का रहने वाला बताया जा रहा है और इस्लामपुर में नौकरी करता था। इस्लामपुर निवासी सुब्रतो बनर्जी के अनुसार, कुशल सुब्बा तितसा कैनल में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण वह अपने नौ दोस्तों के साथ सतमेरी स्थित डोंक नदी घूमने और नहाने पहुंचा था।
बताया गया कि सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान कुशल नदी के गहरे हिस्से की ओर चला गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह अचानक डूब गया और देखते ही देखते लापता हो गया। साथ आए दोस्तों ने काफी देर तक नदी में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार और छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू कराया। वहीं, पोठिया अंचलाधिकारी मोहित राज भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान का जायजा लिया।
प्रशासन की निगरानी में स्थानीय गोताखोर देर शाम तक नदी में युवक की तलाश करते रहे। घटना की जानकारी मिलने के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग जुट गए। युवक के दोस्तों और परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment