Top News

टीबी मरीजों को छह माह तक मिलेगा पोषण सहयोग, फूड पैकेट बांटे


कुरसेला उत्तरी मुरादपुर पंचायत में शनिवार को निश्चय मित्र गोद योजना के तहत टीबी मरीजों के बीच फूड पैकेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर संध्या चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

यक्ष्मा सहायक नवीन कुमार ने बताया कि निश्चय मित्र गोद योजना के तहत टीबी मरीजों को छह महीने तक पोषण के लिए फूड पैकेट उपलब्ध कराया जाता है। कुरसेला क्षेत्र के चार टीबी मरीजों को अंचलाधिकारी अनुपम, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल, अमन आर्यन एवं प्रिंस कुमार ने गोद लिया है। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने एक टीबी मरीज को गोद लेकर उसे फूड पैकेट उपलब्ध कराया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सुविधाओं के अलावा टीबी मरीजों के इलाज की अवधि में छह महीने तक उनके पोषण एवं भरण-पोषण में सहयोग की जिम्मेदारी भी ली गई है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं सक्षम लोगों से गरीब और असहाय टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। इससे मरीजों को इलाज के दौरान बेहतर पोषण के साथ सामाजिक सहयोग भी मिल सकेगा।

वहीं, संध्या चौपाल में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमारी प्रियंवदा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल, जीविका प्रबंधक देवभूषण सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के अलावा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post