Top News

नदी में डूबने से मछली पकड़ने गए युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


 जिले के बलरामपुर प्रखंड अंतर्गत भीमयाल पंचायत के पचरा गांव में नदी में मछली पकड़ने गए एक युवक की तेज धार में बहने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पचरा गांव निवासी गोपाल नुनिया के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।

बताया जाता है कि गोपाल नुनिया नदी में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गहरे पानी में बह गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक के बड़े भाई ने बताया कि परिवार पहले से ही बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। गोपाल ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी मौत के बाद बच्चों के भरण-पोषण और परिवार के जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन एवं सरकार से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा सरकारी स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सहायता मिलने से परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सकेगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार सीमांचल का यह क्षेत्र हर वर्ष बाढ़ से प्रभावित रहता है। बाढ़ के पानी और नदियों के तेज बहाव के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post