कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत क्षेत्र संख्या 26 के जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थानीय सांसद तारिक अनवर और क्षेत्रीय विधायक श्रीमती संगीता देवी पर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया।
गुलजार आलम ने कहा कि बारसोई क्षेत्र आज भी विकास से काफी दूर है। उन्होंने काजीटोला से बारियोल होते हुए मथुरापुर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सांसद तारिक अनवर से दोबारा क्षेत्र का दौरा कर सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी समस्याओं का जायजा लेने तथा समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की।
जिप सदस्य ने स्थानीय प्रशासन पर भी विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पुल-पुलिया का निर्माण हो चुका है, लेकिन दोनों ओर एप्रोच रोड और मिट्टी भराई का काम अब भी अधूरा है। उन्होंने इन कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अनियमित है और हल्की आंधी या बारिश के बाद लंबे समय तक बिजली बाधित रहती है।
गुलजार आलम ने बिजली आंदोलन के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत का दावा करते हुए कहा कि मृतकों के परिजनों को अब तक उचित सहायता या मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने चापाखोर पंचायत के नियाज अहमद का भी मामला उठाया और कहा कि दोनों आंखों की रोशनी गंवाने के बाद भी उनके परिवार की स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है। इस दौरान भवानीपुर पंचायत के युवा नेता एवं समाजसेवी मो. शहबाज आलम, भवानीपुर पंचायत के पूर्व मुखिया फिरोज आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Post a Comment