कटिहार स्थित महर्षि मेंही होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संस्थापक व पूर्व वाइस प्रिंसिपल डॉ. चंद्रभानु साह का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से सीमांचल समेत पूरे बिहार के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। डॉ. साह मूल रूप से मधेपुरा जिले के बिहारीगंज प्रखंड अंतर्गत शेखपुरा गांव के रहने वाले थे। उन्होंने क्षेत्र में होमियोपैथिक चिकित्सा शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
पूर्णिया के चिकित्सक डॉ. समर कुमार रमण ने डॉ. साह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. चंद्रभानु साह उनके कॉलेज में ऑर्गेनन विषय पढ़ाते थे और कॉलेज के दिनों से ही उनका विशेष स्नेह व आशीर्वाद मिला। डॉ. रमण ने कहा कि वे केवल कुशल शिक्षक ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के अभिन्न सदस्य की तरह थे। उनका निधन चिकित्सा जगत के साथ-साथ उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी अपूरणीय क्षति है।
डॉ. चंद्रभानु साह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव मधेपुरा जिले के शेखपुरा में किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में चिकित्सक, गणमान्य नागरिक और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी और दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अंतिम संस्कार में महर्षि मेंही होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. गुलाब चंद मेहता, मेडिकल ऑफिसर एवं दिवंगत के सुपुत्र डॉ. अभिनय आनंद, डॉ. समर कुमार रमण, मेडिकल ऑफिसर डॉ. पी.के. हजारी, डॉ. राजन कुमार, डॉ. चंद किशोर, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. श्यामसुंदर, डॉ. शशिभूषण, डॉ. पप्पू बबलू और डॉ. मनीष समेत कई चिकित्सक व ग्रामीण मौजूद रहे।
Post a Comment