Top News

नाव पर क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर होगी कार्रवाई


**कुरसेला।** भागलपुर जिले के राघोपुर में नाव डूबने की घटना के बाद कुरसेला थाना क्षेत्र में भी नाव यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। गुरुवार को थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने खेरिया एवं तिनघरिया स्थित गंगा-कोसी नदी घाटों पर नाव संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में प्रत्येक नाव संचालक को सुरक्षा मानकों से संबंधित नोटिस उपलब्ध कराया गया। नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि नाव की निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाया जाए और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बिना नाव का परिचालन नहीं किया जाए। बाढ़ के दौरान नदी की तेज धारा और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

थानाध्यक्ष ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर नहीं बैठाया जाए। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित नाव संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। नाविकों को नदी की स्थिति पर लगातार नजर रखने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में प्रशासन का सहयोग करने का निर्देश दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post