Top News

चॉकलेट दिलाने के बहाने मासूम को ले गया, दुष्कर्म का आरोप


किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में रविवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना में पड़ोस में रहने वाले 12 वर्षीय नाबालिग लड़के पर बच्ची को चॉकलेट दिलाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित बच्ची का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार को उनकी चार वर्षीय बेटी घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 12 वर्षीय नाबालिग लड़का वहां पहुंचा और बच्ची को चॉकलेट दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि नाबालिग बच्ची को अपने घर के एक एकांत कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी बच्ची को घर के पास छोड़कर चला गया।

इसके बाद बच्ची डरी-सहमी और बदहवास हालत में रोते हुए घर पहुंची। उसकी हालत देखकर मां ने बच्ची से पूछताछ की। इस दौरान बच्ची फूट-फूटकर रोने लगी और मां को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए।

घटना के समय बच्ची के पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। मां ने तत्काल फोन कर पति को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पिता घर पहुंचे और बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। परिजनों ने घटना की सूचना किशनगंज सदर थाना पुलिस को भी दी।

सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और बच्ची तथा उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया है। आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बच्ची के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल बच्ची का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post