कोचाधामन थाना क्षेत्र के सुंदरबाड़ी-दांती बस्ती के बीच कलबर्ट के सामने नहर के समीप 12 वर्षीय उमर आलम का शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बुधवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके का बारीकी से जायजा लेने के साथ आसपास के ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
घटनास्थल के निरीक्षण के बाद एसपी मृतक के गांव सारोगोरा पहुंचे और उसके माता-पिता, परिजनों व ग्रामीणों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। उन्होंने परिजनों को मामले का शीघ्र उद्भेदन कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को घटना के कारणों का पता लगाने, साक्ष्य जुटाने और संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशनगंज, अंचल पुलिस निरीक्षक, सदर किशनगंज, स्थानीय थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को लगाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
स्कूल जाने के लिए घर से निकला था उमर
पुलिस के अनुसार उमर आलम मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने पिता नदीम की डांट के बाद स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों ने सुंदरबाड़ी-दांती बस्ती के बीच कलबर्ट के सामने नहर के समीप एक बालक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान उमर आलम के रूप में की।
हत्या की आशंका, एसआईटी गठित
पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर ग्राम बोहित निवासी वासशाह नामक युवक की कथित संलिप्तता की बात सामने आई है। मामले के त्वरित उद्भेदन, आरोपितों की गिरफ्तारी और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी विश्लेषण कर रही है। जांच के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment