पूज्य माताजी के अंत्येष्टि कार्यक्रम के बाद विधायक विजय खेमका ने अपने दैनिक कार्यक्रम के तहत विधायक जनसंपर्क कार्यालय में आम लोगों की समस्याएं एवं कठिनाइयां गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
विधायक खेमका ने बताया कि उनकी स्वर्गीय पूज्य माताजी का श्राद्ध कर्म बनमनखी के मंगलचंद चौक स्थित पैतृक निवास पर संपन्न होगा। श्राद्ध कर्म में अनुज विक्रम खेमका कर्ता होंगे। माताजी का सपिंडीकरण एवं श्राद्ध कर्म 20 अगस्त, गुरुवार को बनमनखी स्थित पैतृक आवास पर होगा। इसी दिन पगड़ी रस्म एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद विधायक ने पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के अब्दुल्ला नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र के रानीपतरा में बिजली विभाग द्वारा निर्माणाधीन नए पावर सब-स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा दोनों पावर सब-स्टेशनों का निर्माण जल्द पूरा कर उन्हें चालू करने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि दोनों पावर सब-स्टेशनों के चालू होने से पूर्णिया के पूर्वी शहरी क्षेत्र के साथ-साथ संबंधित ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं सुचारु होगी। उन्होंने बताया कि पूर्णिया में एक नए ग्रिड सब-स्टेशन की स्वीकृति की प्रक्रिया भी चल रही है। नए ग्रिड सब-स्टेशन के निर्माण से विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस दौरान शोक-संवेदना व्यक्त करने पहुंचे गणमान्य लोगों से भी विधायक विजय खेमका ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि देश, धर्म, जनसेवा और मानव सेवा सर्वोपरि है। जनता की समस्याओं का समाधान तथा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Post a Comment