कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के कोलासी पुलिस शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर लिया। इस दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण और शराबबंदी को प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस टीम ने कई महत्वपूर्ण कार्रवाई की। उनके कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें सम्मानित किया।
कार्यकाल के दौरान कोलासी पुलिस शिविर क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर शराब बरामद करने के साथ कारोबार में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं चोरी, मारपीट समेत अन्य आपराधिक मामलों में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया।
पुलिस की नियमित गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ी। शिविर प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध नियंत्रण और शराबबंदी को लेकर आगे भी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
Post a Comment