कोढ़ा प्रखंड के मखदमपुर पंचायत अंतर्गत मड़वा गांव में रविवार को बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के पहुंचने पर ग्रामीणों और एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंत्री के स्वागत को लेकर आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और एनडीए कार्यकर्ता जुटे।
मड़वा निवासी आयोजनकर्ता एवं आरएलएम के प्रदेश सचिव संतोष मेहता के दरवाजे पर आयोजित स्वागत समारोह में संतोष मेहता ने पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को फूलों की माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और उत्साह के साथ मंत्री का स्वागत किया।
समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, विधायक कविता पासवान, भाजपा जिला महामंत्री रामनाथ पांडे, पूर्व मंडल अध्यक्ष डोमन चौधरी, विधायक प्रतिनिधि रमण झा, किसान मोर्चा अध्यक्ष अरविंद दास, जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित सिंह, प्रखंड अध्यक्ष कुणाल सिंह, पंचायत समिति प्रतिनिधि बौआ झा, पैक्स अध्यक्ष कृष्ण कुमार साह सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मंत्री के पहुंचते ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ गई। मखदमपुर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने भी मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे।
कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र के विकास, ग्रामीण इलाकों में सड़क, नाली, पेयजल सहित आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई।
मंत्री दीपक प्रकाश ने उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करना और गांवों तक विकास योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों के सुझावों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
मंत्री के स्वागत समारोह में उमड़ी भीड़ से मड़वा गांव में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में भी चर्चा रही।
Post a Comment