कोढ़ा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बकरी चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, बकरी चोर कभी कार तो कभी बाइक से पहुंचकर घरों एवं आसपास बंधी बकरियों को चोरी कर फरार हो जाते हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण पशुपालक अपनी बकरियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
इसी बीच कोढ़ा थाना पुलिस ने बकरी चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बकरी के साथ वारदात में परिवहन के लिए इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मामले को लेकर कोढ़ा थाना कांड संख्या 269/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी बिट्टू कुमार (20 वर्ष), पिता अजय यादव, निवासी नंदग्राम जरलाही, वार्ड संख्या 11, थाना कोढ़ा तथा मोहम्मद सद्दाम (28 वर्ष), पिता मोहम्मद जुफो, निवासी लक्ष्मीपुर, वार्ड संख्या 07, थाना बरारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को चोरी की गई बकरी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ विधिवत गिरफ्तार किया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
बकरी चोरी की लगातार घटनाओं से परेशान पशुपालकों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राहत की उम्मीद जगी है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई से बकरी चोरी में संलिप्त अन्य लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है। थाना अध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि मामले में अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
Post a Comment