सदर थाना क्षेत्र के कालीगंज वार्ड संख्या-46 निवासी सरिता देवी, पति राजेश लोहार, ने अपने 10 वर्षीय लापता बेटे की तलाश के दौरान पड़ोसियों पर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता ने सदर थाना के साथ-साथ मानवाधिकार वेलफेयर संगठन को भी लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, सरिता देवी का 10 वर्षीय पुत्र 3 अगस्त को लापता हो गया था। बेटे की खोजबीन के दौरान वह पड़ोस में जानकारी लेने पहुंचीं। इसी दौरान पड़ोसी से बातचीत के क्रम में उन्होंने कथित तौर पर कहा कि उनका बेटा नशा करता है और उनके बेटे को बिगाड़ सकता है। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
सरिता देवी का आरोप है कि विवाद के बाद पड़ोसी बिकास बंगाली, सौरभ बंगाली, बिमल बंगाली समेत परिवार के दो अन्य सदस्य उनके घर पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों ने उनका इलाज कराया। उपचार के पश्चात सरिता देवी ने सदर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मामले की जानकारी मानवाधिकार वेलफेयर संगठन को भी दी गई है।
इधर, पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, 10 वर्षीय बच्चे के लापता होने का मामला भी परिवार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
Post a Comment