पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बकरी और खस्सी चोरी की घटनाओं के बीच सोमवार को ग्रामीणों ने कथित तौर पर बकरी चोरी कर भाग रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। दोनों युवक करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की हीरो एक्सट्रीम बाइक से बकरी लेकर भाग रहे थे। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना कालीगंज जीवन चौक के समीप सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है। बताया जाता है कि बाइक सवार दोनों युवक कनैला गांव की ओर से कथित रूप से बकरी चोरी कर भाग रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी सूचना फोन के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सक्रिय हो गए और सड़क पर घेराबंदी शुरू कर दी।
काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को बकरी सहित पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों युवकों की पिटाई कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बकरी और खस्सी चोरी की घटनाएं लगातार हो रही थीं। चोरी की घटनाओं से पशुपालक और ग्रामीण परेशान थे। सोमवार को कथित तौर पर चोरी करते पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।
पकड़े गए युवकों में से एक ने पूछताछ के दौरान अपना नाम राजा बताया है। वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुरानी मंझेली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। दूसरे युवक की पहचान और दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
बाइक और बकरी ने बढ़ाया शक
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक बाइक पर बकरी लेकर भाग रहे थे, जिसके बाद लोगों को संदेह हुआ और उनका पीछा किया गया। करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की बाइक से बकरी चोरी करने की बात सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।
फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों का पिछले दिनों हुई बकरी-खस्सी चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
Post a Comment