कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत महेशपुर पंचायत के महेशपुर गांव में कुछ दिनों पूर्व प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के बाद नाली का निर्माण कराया जाना था, ताकि जलजमाव और गंदे पानी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। हालांकि, कार्रवाई के बाद अब तक नाली निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
बताया गया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान करीब 20 से 25 लोगों के घरों को तोड़ा गया था। ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण के उद्देश्य से उनके घरों को हटाया गया, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
नाली निर्माण नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द नाली निर्माण शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में ग्रामीण मसनी खातून, विशु खातून, अल्ताफ, मुर्शीद, फिरोज आलम, मो. अंजार, लाखतिया सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
Post a Comment