भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के ठाकुरगंज स्थित गांधी मैदान में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में पहुंचीं पद्म भूषण साध्वी ऋतम्भरा ने रविवार को हिंदू मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने की जोरदार वकालत की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि हिंदू मंदिरों पर सरकार का नियंत्रण समाप्त होना चाहिए। उनका दावा है कि मंदिर सरकारी नियंत्रण से मुक्त होंगे तो धर्मांतरण पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किया जाने वाला चढ़ावा हिंदू धर्म के प्रचार-प्रसार और धार्मिक कार्यों में इस्तेमाल होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु के चरणों में अर्पित धन का सदुपयोग धर्म और समाज के हित में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था बहुत पहले लागू हो जानी चाहिए थी, लेकिन अभी भी देर नहीं हुई है। इसके लिए हिंदू समाज को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
मोदी-योगी की तारीफ, राम मंदिर निर्माण का किया जिक्र
साध्वी ऋतम्भरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि दोनों नेता राष्ट्र की भावना को समझते हैं। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद राम मंदिर निर्माण का सपना साकार हुआ है।
उन्होंने हिंदू समाज से जातीय बंधनों से ऊपर उठकर एकजुट रहने की अपील की। साध्वी ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
पप्पू यादव पर साध्वी ऋतम्भरा का तीखा हमला
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा संत का वेश धारण कर चढ़ावा चोरी का नाटक किए जाने संबंधी सवाल पर साध्वी ऋतम्भरा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों ने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यही लोग कभी भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और राम मंदिर की जगह कुछ और बनाने की बात करते थे।
उन्होंने कहा, “जिस सनातन धर्म को लंकेश और कंस नहीं मिटा सके, उसे ये नेता क्या मिटा पाएंगे।”
छात्र आंदोलन में प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अपशब्दों पर जताई नाराजगी
दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी साध्वी ऋतम्भरा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति में अपार ऊर्जा और संभावनाएं हैं। युवाओं को मर्यादा और नैतिकता में रहकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह के कथित अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया, उसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी भाषा से देश की गरिमा प्रभावित होती है।
‘चिकन नेक’ पुस्तक के संरक्षक का किया लोकार्पण
ठाकुरगंज के गांधी मैदान में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं साध्वी ऋतम्भरा ने पत्रकार वार्ता के दौरान सूरजापुरी नेता ताराचंद धानुका की पुस्तक ‘चिकन नेक’ के संरक्षक का लोकार्पण भी किया।
इस दौरान विधायक गोपाल अग्रवाल, सूरजापुरी नेता ताराचंद धानुका, नगर पंचायत अध्यक्ष सिकंदर पटेल, शिशिर कुमार दास, कौशल यादव, अरुण कुमार सिंह, अमित सिन्हा, अतुल सिंह, ज्योति कुमार सोनू, बिजली प्रसाद सिंह, देवकी अग्रवाल, कन्हैया लाल महतो समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment