कटिहार। गंगा और कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर तथा संभावित बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को कटिहार के अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार ने कुरसेला प्रखंड के गंगा-कोसी तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। एसडीओ ने खेरिया गंगा घाट, बाघमारा पुल और कुरसेला कोसी पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी अनुपम को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
बाघमारा पुल के समीप एसडीओ ने नाव से आवागमन कर रहे ग्रामीणों से नाव परिचालन और शुल्क की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी नाव का परिचालन किया जा रहा है और लोगों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने अधिकारियों से नदी के जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए निचले और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाए तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की पूरी तैयारी रखी जाए। मौके पर बीडीओ कुमारी प्रियंवदा, अंचलाधिकारी अनुपम, पंचायती राज पदाधिकारी शांतनु ठाकुर, जिला पार्षद उमा यादव सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।
Post a Comment