Top News

बहन से राखी बंधवाने जा रहे चिकित्सक समेत दो की मौत, दो घायल

किशनगंज। सुखानी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-327ई पर शुक्रवार को गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चिकित्सक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। सभी कार सवार मधुबनी से सिलीगुड़ी राखी बंधवाने जा रहे थे। मृतकों की पहचान दरभंगा जिले के बहेरी निवासी चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार सिंह (65) और मधुबनी जिले के अमरामथ निवासी पवन यादव (50) के रूप में हुई है। घायलों में समस्तीपुर जिले के सिंहिया थाना क्षेत्र निवासी तेज नारायण मुखिया (52) तथा मधुबनी निवासी राधेश्याम शर्मा (50) शामिल हैं। राधेश्याम शर्मा सीएम साइंस कॉलेज में प्रोफेसर बताए जाते हैं।
बताया गया कि चारों लोग आर्टिका कार से मधुबनी से सिलीगुड़ी जा रहे थे। शुक्रवार को कार जैसे ही सुखानी थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर पहुंची, गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पवन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान डॉ. अनिल कुमार सिंह की भी मौत हो गई।
घायल राधेश्याम शर्मा ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में डॉ. अनिल कुमार सिंह के इलाज में देरी हुई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। उन्होंने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचने के बाद एक्सरे कराने के लिए कहा गया तो अस्पताल कर्मियों ने परिजनों के आने के बाद एक्सरे कराने की बात कही।
इधर, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवार हुसैन ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी घायलों का समय पर उपचार किया गया। यातायात थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post