मदरसा विज्ञान शिक्षक संघ के प्रदेश सचिव मो. गुलाम सरवर ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी एवं मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष अब्दुल सलीम से मदरसा विज्ञान शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण पहल करने की मांग की है।
मो. गुलाम सरवर ने कहा कि मदरसा विज्ञान शिक्षकों को वर्तमान में काफी कम वेतन मिल रहा है। महंगाई के दौर में कम वेतन के कारण शिक्षकों को परिवार के भरण-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि मदरसा विज्ञान शिक्षकों को मदरसा के अन्य शिक्षकों के बीच इंटर प्रशिक्षित पदों में मर्ज किया जाए, ताकि उन्हें सम्मानजनक वेतन मिल सके।
उन्होंने कहा कि बिहार के विभिन्न मदरसों में इंटर प्रशिक्षित शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं और इन पदों पर बहाली की प्रक्रिया होनी है। ऐसे में वर्षों से मदरसों में सेवा दे रहे मदरसा विज्ञान शिक्षकों को रिक्त पदों पर बिना किसी शर्त के प्रमोट किया जाना चाहिए।
प्रदेश सचिव ने बताया कि मदरसा विज्ञान शिक्षक केंद्रीय योजना के तहत बिहार राज्य के 1128 प्रस्वीकृत मदरसों में नियुक्त हैं और वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राज्य में इन शिक्षकों की संख्या करीब 200 है। ऐसे में उन्हें इंटर प्रशिक्षित पद पर मर्ज या प्रमोट करने से विभाग के सामने किसी बड़ी कठिनाई की स्थिति नहीं आएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार यदि मदरसा विज्ञान शिक्षकों के हित में यह निर्णय लेती है तो बिहार के तमाम मदरसा विज्ञान शिक्षक सरकार के प्रति आभारी रहेंगे।
Post a Comment