Top News

अनुश्रवण समिति की बैठक में बिजली व राशन व्यवस्था पर हुई चर्चा


बारसोई। अनुमंडल अनुश्रवण समिति की बैठक में शनिवार को क्षेत्र की बिजली व्यवस्था, जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) समेत विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनवितरण प्रणाली की रिक्त दुकानों पर पारदर्शी तरीके से डीलरों की बहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने बताया कि बारसोई अनुमंडल क्षेत्र में जनवितरण प्रणाली की दुकानों के लिए कुल 50 डीलर पद रिक्त हैं। इन पदों पर बहाली के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 की शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन करना होगा।

एसडीओ ने बताया कि अब तक डीलर पद के लिए करीब 140 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन की समय सीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों की जांच एवं अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद करीब 20 से 25 दिनों के भीतर डीलरों की बहाली कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी बहाली प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

बैठक में क्षेत्र में बिजली की समस्या और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी सदस्यों ने अपनी बातें रखीं। सदस्यों ने नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

एसडीओ राजू कुमार ने जनवितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं से अपील की कि जिन लोगों का अब तक ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं हुआ है, वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी पीडीएस डीलर के माध्यम से ई-केवाईसी करा लें। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी नहीं होने की स्थिति में भविष्य में राशन प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।

बैठक में अधिकारियों और अनुश्रवण समिति के सदस्यों ने जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post