Top News

पार्षदों को नहीं चाहिए शहर का विकास! गैरहाजिरी से बोर्ड की बैठक रद्द


किशनगंज। नगर के विकास और जनहित से जुड़ी योजनाओं को गति देने के लिए जनता ने जिन जनप्रतिनिधियों को नगर परिषद भेजा है, उन्हीं पार्षदों की बैठक से गैरहाजिरी अब सवालों के घेरे में है। शनिवार को किशनगंज नगर परिषद बोर्ड की पूर्व निर्धारित बैठक पर्याप्त संख्या में पार्षदों के उपस्थित नहीं होने के कारण रद्द करनी पड़ी। कोरम पूरा नहीं होने से विकास योजनाओं समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी।

नगर परिषद में कुल 34 वार्ड पार्षद हैं। मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद को मिलाकर बोर्ड की कुल संख्या 36 है। शनिवार की बैठक में महज 15 पार्षद ही उपस्थित हुए, जबकि बैठक के लिए कम से कम 19 सदस्यों की उपस्थिति जरूरी थी। निर्धारित संख्या पूरी नहीं होने के कारण बैठक की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी।
वहीं बैठक रद्द होने के बाद नगर परिषद के मुख्य पार्षद इन्द्रदेव पासवान ने नाराजगी जताई। उन्होंने लगातार तीन बैठकों से अनुपस्थित रहने वाले पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि ऐसे पार्षदों के खिलाफ प्रतिवेदन तैयार कर निर्वाचन आयोग को सूचित करने की मांग की गई है।

वहीं, वार्ड संख्या 24 के पार्षद सुशांत गोप ने कहा कि कुछ पार्षद नगर के विकास को लेकर गंभीर नहीं हैं। बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठकों से उनकी अनुपस्थिति के कारण शहर के विकास से जुड़े अहम निर्णय प्रभावित होते हैं। उन्होंने ऐसे पार्षदों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि बोर्ड की बैठक के लिए सदस्यों की पर्याप्त उपस्थिति जरूरी है। कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक की कार्यवाही नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि अनुपस्थित पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। मामले से नगर विकास विभाग को भी अवगत कराया जाएगा।
बोर्ड की बैठक रद्द होने से शहर की सड़क, नाला, जलजमाव, सफाई समेत अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल चर्चा नहीं हो सकी।

Post a Comment

Previous Post Next Post