Top News

कुर्सेला में बाढ़ के खतरे के बीच घाटों का निरीक्षण, प्रशासन अलर्ट


गंगा एवं कोसी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर सोमवार को कुर्सेला अंचल प्रशासन ने विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। सीओ अनुपम कुमारी ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उन्होंने घाटों पर तैनात गोताखोरों, बैरिकेडिंग, लाल घेरे और विधि-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

इधर, गंगा-कोसी के बढ़ते जलस्तर से बाघमारा, मलिनिया और खेरिया के निचले इलाकों में पानी फैलने लगा है। सीओ ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। पत्थर टोला जाने वाली सड़क पर पानी चढ़ गया है, हालांकि फिलहाल आवागमन जारी है।

सीओ अनुपम कुमारी ने कहा कि बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में नाव, गोताखोर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। आपदा की स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post