Top News

जलस्तर घटते ही तेज हुआ रेतुआ नदी का कटाव, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता


 किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित आदिवासी टोला देवरी गांव के समीप रेतुआ नदी का कटाव इन दिनों तेज हो गया है। नदी का जलस्तर घटने के साथ ही कटाव की रफ्तार बढ़ने से आसपास के ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रेतुआ नदी के किनारे लगातार हो रहे कटाव से मिट्टी तेजी से नदी में समा रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य शुरू नहीं कराया गया तो नदी की धारा आबादी वाले क्षेत्र और आसपास की कृषि भूमि की ओर बढ़ सकती है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी के कटाव से हर साल किनारे की जमीन प्रभावित होती है, लेकिन अब कटाव की गति बढ़ने से खतरा और बढ़ गया है। इससे स्थानीय लोगों को अपने घर और खेती की जमीन की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।

स्थानीय ग्रामीण हरि यादव, सूरज राम, दीवान टुडू, नारायण राम, लाल बहादुर सिंह, सुनील सोरेन, विजय सोरेन, सोम सोरेन, तालु मुर्मू, सुरेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कटाव प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षात्मक एवं कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी नवीन कुमार से भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए रेतुआ नदी के कटाव प्रभावित क्षेत्र में शीघ्र आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की है, ताकि आबादी और कृषि भूमि को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post