किशनगंज: बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक स्थित गुआवाड़ी पुल पर शनिवार की सुबह तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा भिड़ा।
हादसा इतना भीषण था कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसी में फंस गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
इधर, दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई। कंटेनर को पुल से हटाए जाने के बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों के साथ-साथ दूसरे ट्रक की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Post a Comment