Top News

शरारती तत्वों ने उजाड़ी लौकी की फसल, किसान को भारी नुकसान


कोढ़ा थाना क्षेत्र के शीशिया गांव स्थित छरपट्टा बहियार में असामाजिक तत्वों ने किसान की लौकी की फसल को नुकसान पहुंचा दिया। किसान सुबोध पासवान ने चार कट्ठा जमीन लीज पर लेकर लौकी की खेती की थी। फसल अच्छी होने से उन्हें बेहतर आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार सुबह खेत पहुंचने पर करीब तीन कट्ठे में लगी फसल बर्बाद मिली।

किसान के अनुसार खेत में लगी लौकी की लताओं को किसी ने जड़ से उखाड़ दिया। कई पौधे पूरी तरह नष्ट मिले, जबकि फसल में फल भी लगने शुरू हो गए थे। फसल की यह स्थिति देखकर किसान भावुक हो गया और खेत में ही रोने लगा।

सुबोध पासवान ने बताया कि उन्होंने करीब 40 हजार रुपये में जमीन लीज पर ली है। खेती में मेहनत और लागत लगाने के बाद फसल अच्छी हो रही थी। उन्हें उम्मीद थी कि लौकी बेचकर लीज की रकम चुकाने के साथ परिवार का भरण-पोषण भी हो जाएगा। फसल नष्ट होने से अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

किसान ने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर फसल को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि, घटना को लेकर उन्होंने अब तक कोढ़ा थाना या किसी संबंधित अधिकारी को लिखित आवेदन नहीं दिया है। किसान के अनुसार खेती ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है और फसल बर्बाद होने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post