Top News

आवागमन और पठन-पाठन प्रभावित, दो सप्ताह की तुलना में जलस्तर बढ़ने की रफ्तार कम





**कुरसेला।** प्रखंड क्षेत्र में कोसी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर का असर अब शैक्षणिक संस्थानों पर भी पड़ने लगा है। बाढ़ का पानी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुरसेला गुमटी टोला और नगर पंचायत क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मैहर मियां टोला परिसर में प्रवेश कर गया है। परिसर में पानी भरने से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के आवागमन के साथ पठन-पाठन प्रभावित हो गया।

स्थिति को देखते हुए दोनों विद्यालयों को तत्काल आसपास के दूसरे विद्यालयों में शिफ्ट कर पठन-पाठन की व्यवस्था की गई है। शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।

कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर से आसपास के निचले इलाकों में भी बाढ़ का पानी फैल गया है। तीनघरिया, मलेनिया, मिर्जापुर मजदिया, कमलाकानी, नया टोला तिनघरिया, खेरिया बालू टोला और बगमारा सहित कई क्षेत्रों में पानी पहुंच गया है। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र के पत्थर टोला की सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। पैदल चलने वालों के साथ छोटे वाहनों के परिचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं।

हालांकि पिछले दो सप्ताह की तुलना में कोसी के जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार कुछ कम हुई है, लेकिन पानी बढ़ना अभी पूरी तरह रुका नहीं है। इससे तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बनी हुई है। ग्रामीण जलस्तर और पानी के फैलाव पर लगातार नजर रख रहे हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी और आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग कर रहे हैं।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शांतनु कुमार ठाकुर ने बताया कि विद्यालय परिसर में बाढ़ का पानी प्रवेश करने से पठन-पाठन बाधित हो गया था। बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई को देखते हुए दोनों विद्यालयों को आसपास के विद्यालयों में शिफ्ट कर पठन-पाठन शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि जलस्तर और विद्यालय परिसर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थिति सामान्य होने पर संबंधित विद्यालयों में पुनः पठन-पाठन शुरू कराया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post