**बारसोई।** कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत शिकारपुर पंचायत के शिकारपुर गांव निवासी एवं जम्मू-कश्मीर में सेवारत फौजी मोहम्मद सगीरुद्दीन का छुट्टी में घर आने के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बुधवार को मोहम्मद सगीरुद्दीन को पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके जनाजे की नमाज में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
63वीं बटालियन के मेजर राकेश कुमार के नेतृत्व में पहुंची सैन्य टीम ने जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जवान के निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं शिकारपुर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने जवान की आत्मा की शांति के लिए दुआ-ए-मगफिरत की।
Post a Comment