प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवाकेंद्र में अलौकिक रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहरसा से पधारीं सेवाकेंद्र प्रभारी स्नेहा दीदी ने कहा कि रक्षाबंधन पवित्र बनने और बनाने का यादगार पर्व है। परमपिता परमात्मा शिव सभी आत्माओं को सुख-शांतिमय जीवन के लिए पवित्र और राजयोगी बनने का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विषय-विकारों के कारण नारी शक्ति की सुरक्षा बड़ी चुनौती बन गई है। ऐसे वातावरण में परमात्मा सबसे पहले आत्मरक्षा की प्रतिज्ञा कराते हैं। स्नेहा दीदी ने राखी शब्द के प्रत्येक अक्षर का आध्यात्मिक अर्थ समझाते हुए सभी से स्व-रक्षक, समाज-रक्षक और देश-रक्षक बनकर पवित्र समाज की स्थापना में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर राखी बांधी, मुख मीठा कराया और प्रसाद स्वरूप भोग वितरित किया। कार्यक्रम में इंद्रा सुमन, अर्चना करनानी, डॉ. सुबोध, दिनेश मिश्र, अनिल भूत, प्रताप अग्रवाल, गौतम भाई, विनोद बाफना सहित दर्जनों भाई-बहन मौजूद रहे।
Post a Comment