Top News

पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवनंदन यादव का निधन, क्षेत्र में शोक


मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र के पकिलपार गांव निवासी एवं पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवनंदन यादव का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 15 अगस्त की रात तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित केएमसीएच मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हृदयगति रुकने से अंतिम सांस ली। निधन की खबर मिलते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, शिवनंदन यादव लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कोयंबटूर में उनका इलाज चल रहा था। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से बागडोगरा लाया गया, जहां से सड़क मार्ग से पैतृक गांव पकिलपार लाया गया। मंगलवार को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया गया। इससे पूर्व गाजे-बाजे के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, रिश्तेदार और ग्रामीण शामिल हुए।

ज्येष्ठ पुत्र कृष्णकांत कुमार ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1999 में निर्विरोध व्यापार मंडल अध्यक्ष चुने गए थे। वे लंबे समय तक सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे। सामाजिक सरोकार और सरल व्यवहार के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। लोग उन्हें सम्मानपूर्वक ‘शिवनंदन मुखिया’ के नाम से भी जानते थे।

मुखिया संघ के अध्यक्ष सह हरिपुरकला पंचायत के मुखिया डॉ. आलोक कुमार, सरपंच पंकज यादव, पूर्व मुखिया वीरेंद्र यादव, विष्णुदेव यादव, महावीर यादव, पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिलीप राय सहित अन्य लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

बताया गया कि शिवनंदन यादव के छोटे भाई अभिनंदन यादव बिहार पुलिस में डीएसपी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनके ज्येष्ठ पुत्र कृष्णकांत कुमार बीएसएफ में कमांडेंट हैं। पिता के निधन से पूरा परिवार पितृशोक में डूबा है।

सांसद, विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने दूरभाष के माध्यम से शोक-संवेदना व्यक्त की। सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post