Top News

निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 700 ग्रामीणों की हुई जांच


नेपाल-भारत मैत्री संबंधों को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को दिघलबैंक पंचायत भवन परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी आंखों की जांच कराई।

शिविर का आयोजन नेपाल-भारत मैत्री संघ, सुरंगा एवं ग्राम पंचायत दिघलबैंक के संयुक्त प्रयास से मेची आई हॉस्पिटल, बिर्तामोड़ के संचालन में किया गया। नेपाल से आए नेत्र विशेषज्ञ डॉ. आशीष भट्टराई के नेतृत्व में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने करीब 700 मरीजों की आंखों की जांच की तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

कार्यक्रम में विधायक गोपाल अग्रवाल एवं नेपाल-भारत मैत्री संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष छत्र बहादुर गिरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने की अपील की। साथ ही समाज में बढ़ते सूखा नशा के सेवन को जड़ से खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।

मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के नजदीक निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर मुखिया पूनम देवी, अर्जुन बोहरा, यदुनाथ अधिकारी, कविता बस्नेत, गोमा कार्की, शंभु प्रसाद पोखरेल, प्रो. विष्णुकांत झा, अवध किशोर झा, सत्यनारायण राय, हरिनंदन सिंह, श्वेता कुमारी, रचना कुमारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post