पूर्णिया जिला जेपी विचार मंच के तत्वावधान में रविवार को केनगर प्रखंड स्थित विवेकानंद भारती के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के जिलाध्यक्ष सह अधिवक्ता दिलीप कुमार दीपक ने की, जबकि संचालन महासचिव दिलीप कुमार प्रसाद ने किया।
बैठक में जेपी सेनानियों के सत्यापन में हो रहे अनावश्यक विलंब पर सदस्यों ने चिंता और नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि 18 अगस्त 2026 को मंच का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पदाधिकारी से मिला था। उस दौरान जिला पदाधिकारी ने आश्वासन दिया था कि जेल जाने वाले जेपी सेनानियों की सूची तीन दिनों के भीतर गृह विभाग को भेज दी जाएगी। वहीं, भूमिगत रहकर आंदोलन में भाग लेने वाले सेनानियों का भी शीघ्र सत्यापन कर सूची विभाग को भेजने की बात कही गई थी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जेपी सेनानी सम्मान योजना को लागू कराने के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर आग्रह किया जाएगा। मंच के सदस्यों ने कहा कि सदन द्वारा इस संबंध में निर्णय लिए हुए करीब 17 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकांश जेपी सेनानी 70 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। ऐसे में उन्हें सम्मान योजना का लाभ जल्द से जल्द मिलना चाहिए।
मंच ने इस मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल को पटना भेजने का निर्णय लिया। प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान मुख्यमंत्री के साथ-साथ अपने क्षेत्र के विधायकों से भी मुलाकात कर जेपी सेनानियों के सत्यापन और सम्मान योजना का लाभ दिलाने की मांग करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक, महासचिव दिलीप कुमार प्रसाद, बैद्यनाथ मंडल, राजकुमार चौधरी, अभिमन्यु कुमार मन्नू, विजय पंडित और ब्रज किशोर ठाकुर को सर्वसम्मति से शामिल करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में दुर्गा सोरेन, कमल किशोर दास, बैद्यनाथ मंडल, रमेश कामती, लाल बहादुर सिंह, अभिमन्यु कुमार मन्नू, विजय पंडित, प्रिया रंजन सहाय समेत 70 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
Post a Comment