Top News

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 25 खिलाड़ी व पांच प्रशिक्षक सम्मानित


पूर्णिया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल संघ की ओर से स्थानीय डीएसए मैदान स्थित खेल संघ कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष गौतम वर्मा ने की। समारोह की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई।

इस अवसर पर संघ अध्यक्ष ने बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश को पढ़कर सुनाया। संघ की संरक्षक नीलम अग्रवाल ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने देश के लिए खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और ‘हॉकी के जादूगर’ कहलाए।

समारोह में फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, क्रिकेट, शतरंज, हॉकी, ताइक्वांडो और बेसबॉल सहित विभिन्न खेलों में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले 25 खिलाड़ियों तथा पांच प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों अचिंतो कुमार बोस, आदेश सिंह, अवनीश कुमार, मनोज सिंह, आलोक लोहिया, अमरनाथ झा, अजय अमित कुमार, मुनमुन भारत, रामदेव दास, रंजन सिंह, सिद्धार्थ प्रताप और उपेंद्र सिंह ने पुरस्कृत किया।

सामाजिक कार्यकर्ता शौर्य राय ने भी खिलाड़ियों को अपनी ओर से पुरस्कार देकर कार्यक्रम की सराहना की। सम्मानित प्रशिक्षकों में रीना बाखला, आदित्य झा, दिलीप कुमार सिन्हा, सुशील कुमार और मुसब्बर अहमद शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमित प्रकाश एवं एम. रहमान ने संयुक्त रूप से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुमित प्रकाश ने किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post