मुरलीगंज। शहर के हाट बाजार रोड स्थित एसबीआई एटीएम में एटीएम कार्ड फंसने के बाद एक व्यक्ति से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कार्ड गायब करने के साथ पीड़ित के बैंक खाते से 1.15 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। मामले को लेकर मुरलीगंज निवासी सरोज कुमार ने थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, 26 अगस्त की शाम सरोज कुमार रुपये निकालने के लिए एसबीआई एटीएम पहुंचे थे। कार्ड डालने के बाद वह मशीन में फंस गया। एटीएम पर अंकित मोबाइल नंबर पर पीछे खड़े एक व्यक्ति ने फोन किया और कॉल पर बात करने वाले शख्स के कहने पर कैंसिल व क्लियर बटन दबाकर पिन दर्ज कराया। इसके बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला। दोबारा फोन करने पर अगले दिन एटीएम या बैंक से कार्ड मिलने की बात कही गई।
घर पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट देखने पर सरोज कुमार के होश उड़ गए। खाते से कुल 1.15 लाख रुपये निकाले जा चुके थे। इसमें 75 हजार रुपये मां गायत्री इंटरप्राइजेज, पटना के नाम से ट्रांजेक्शन किए गए, जबकि 40 हजार रुपये नकद निकाले गए।
पीड़ित ने मामले की जांच, राशि की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
Post a Comment