Top News

बेलौरी-सनौली मुख्य मार्ग पर जानलेवा गड्ढा, 15 दिनों से हादसों का सिलसिला


बेलौरी-सनौली मुख्य मार्ग पर लालबाड़ी के समीप जलजमाव के कारण सड़क पर बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले करीब 15 दिनों से इस गड्ढे में गिरकर छोटे-बड़े वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बारिश के पानी और कीचड़ के कारण गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे बाइक और ई-रिक्शा चालक आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने कई बार श्रमदान कर गड्ढे को भरने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के बाद स्थिति फिर बिगड़ जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इस मार्ग से प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी नियमित रूप से गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। विरेंद्र कुमार, विनय कुमार, राजा कुमार, आदित्य कुमार, शत्रुघ्न सिंह, दीप नारायण सिंह, तेज नारायण सिंह, राजू सिंह, मनोज सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने पूर्णिया के डीएम अंशुल कुमार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

ग्रामीणों ने बरसात के बाद सड़कों पर बने रेन कट और गड्ढों की जांच कराकर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post