पूर्णिया नगर निगम के वार्ड संख्या 42 में वर्षों से राशन कार्ड बनवाने और परिवार के सदस्यों का नाम जुड़वाने के लिए परेशान गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत की खबर है। खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ वार्ड के हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थानीय पार्षद उर्मिला देवी और उनके पुत्र सह पार्षद प्रतिनिधि चंदन कुमार भगत ने विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत जरूरतमंद लोगों के लिए नि:शुल्क कैंप लगाकर राशन कार्ड से संबंधित आवेदन तैयार कराए जा रहे हैं।
पार्षद प्रतिनिधि चंदन कुमार भगत अपने आवास पर विशेष कैंप लगाकर पात्र लोगों के नए राशन कार्ड बनवाने तथा पुराने राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म भरवा रहे हैं। इस दौरान आवेदकों को आवेदन फॉर्म भरने के साथ-साथ जरूरी दस्तावेज तैयार कराने में भी सहायता दी जा रही है।
आवेदन के साथ मूल प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी जरूरी
जनप्रतिनिधियों ने वार्डवासियों से अपील की है कि आवेदन के साथ आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रति दिखाकर उसकी फोटोकॉपी जमा करें। बताया गया कि केवल ऑनलाइन रसीद जमा करने से सत्यापन की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी हो सकती है।
अभियान की समय सीमा करीब होने के कारण अब तक आवेदन नहीं करने वाले पात्र लोगों से जल्द से जल्द कैंप में पहुंचकर आवेदन जमा करने की अपील की गई है।
चंदन कुमार भगत ने कहा, “हमारा मुख्य संकल्प वार्ड 42 के हर एक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है। जब तक अंतिम व्यक्ति को राशन कार्ड नहीं मिल जाता, तब तक प्रयास जारी रहेगा।”
चार चरणों में एमओ को सौंपे गए 245 आवेदन
वार्ड स्तर पर तैयार किए गए आवेदनों को चरणबद्ध तरीके से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) पूजा प्रियदर्शी को सौंपा जा रहा है। अब तक चार चरणों में कुल 245 आवेदन जमा कराए जा चुके हैं।
07 जुलाई — 111 आवेदन
29 जुलाई — 28 आवेदन
03 अगस्त — 56 आवेदन
10 अगस्त — 50 आवेदन
इस तरह अब तक कुल 245 आवेदन आपूर्ति विभाग को सौंपे जा चुके हैं।
भौतिक सत्यापन के बाद जल्द जारी होगा राशन कार्ड
प्रशासनिक स्तर पर आपूर्ति पदाधिकारी पूजा प्रियदर्शी की ओर से आवेदनों का तेजी से भौतिक सत्यापन कराने और पात्रता की जांच पूरी होने के बाद जल्द से जल्द राशन कार्ड निर्गत करने का आश्वासन दिया गया है।
वार्ड 42 में जनप्रतिनिधियों की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान से उन परिवारों को बड़ी उम्मीद जगी है, जो लंबे समय से राशन कार्ड के अभाव में खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित थे। अब आवेदन से लेकर दस्तावेज तैयार कराने और विभाग तक पहुंचाने की प्रक्रिया में स्थानीय स्तर पर मदद मिलने से जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन कार्ड बनवाने की राह आसान हुई है।
Post a Comment