Top News

अब नहीं हटाया अतिक्रमण तो चलेगा बुलडोजर, टेढ़ागाछ में प्रशासन सख्त


टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय के समीप सीमा सड़क तथा टेढ़ागाछ से बहादुरगंज जाने वाली टू-लेन सड़क के निर्माण कार्य के बीच सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को दुकानें खाली करने की अंतिम चेतावनी दी।

अंचल अधिकारी शशि कुमार ने बताया कि मंदिर चौक एवं आसपास के क्षेत्र, थाना परिसर तथा गुजरी बाजार में सड़क किनारे सरकारी जमीन पर दुकान लगाने वाले लोगों को पूर्व में दो बार नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया जा चुका है। इसके बावजूद कई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया गया। सोमवार को माइकिंग के माध्यम से भी दुकानदारों को दुकानें खाली करने की सूचना दी गई।

प्रशासन की कार्रवाई की सूचना के बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को स्वयं तोड़कर हटा लिया है, जबकि कुछ दुकानदारों ने अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया है। अंचल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध रूप से लगाए गए दुकानों को हटाया जाएगा।

इस दौरान पथ निर्माण विभाग के एसडीओ, अंचल अधिकारी शशि कुमार, सहायक थानाध्यक्ष रितेश कुमार, हल्का कर्मचारी विशाल कुमार, सरकारी अमीन आशीष कुमार समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी डोर-टू-डोर पहुंचकर दुकानदारों से दुकानें खाली करने की अपील करते रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई से सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधा दूर होने की उम्मीद है। वहीं, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में भी हलचल तेज हो गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post