कोढ़ा नगर पंचायत अंतर्गत गोरगामा महादलित टोला, दादपुर वार्ड संख्या-7 में आयोजित जन सहयोग शिविर में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह शामिल हुए। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि जन सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देने की अपील करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से समाधान किया जा सकेगा। शिविर के दौरान कई जनसमस्याओं का मौके पर ही निष्पादन किया गया तथा लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, पेयजल, बिजली एवं स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन जमा किए। अधिकारियों ने सभी आवेदनों का पंजीकरण किया और कई मामलों का त्वरित निस्तारण भी किया, जिससे लोगों में संतोष का माहौल रहा।
मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर पंचायत जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Post a Comment