Top News

सहयोग शिविर में 60 आवेदनों का मौके पर हुआ निष्पादन


कुरसेला। प्रखंड की शाहपुर धर्मी पंचायत स्थित सरकार पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचाना था।

शिविर में भूमि एवं राजस्व सुधार, ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, बिजली, उद्योग तथा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया तथा संबंधित विभागों ने आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई।

अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देशानुसार 'सबका सम्मान, जीवन आसान' निश्चय के तहत 19 मई से प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शाहपुर धर्मी पंचायत में आयोजित शिविर में विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का तत्काल निष्पादन कर लाभुकों के बीच आवश्यक प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

शिविर में मुखिया अरुण कुमार यादव, डीएसपी सुनील कुमार शर्मा, डीएसओ सुशील कुमार, बीडीओ कुमारी प्रियंवदा, सीओ अनुपम कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमरलाल, प्रखंड कृषि पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत सेवक, राजस्व कर्मचारी, मनरेगा कर्मी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post