कोढ़ा प्रखंड के भटवारा पंचायत भवन में मंगलवार को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से "पंचायत सहयोग शिविर – समस्याओं का तेज समाधान" आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोढ़ा विधायक कविता पासवान थीं। उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार पंडित, अंचलाधिकारी संजीव कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मनजीत महेश्वरी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उषा किरण, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह तथा विधायक प्रतिनिधि रमन झा मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भटवारा पंचायत की मुखिया फुलेना देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि रुदल हेंब्रम द्वारा विधायक कविता पासवान और जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह को बुके भेंट कर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने लाभुकों के बीच जॉब कार्ड, राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों का वितरण किया। साथ ही पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में बिजली, भू-सर्वे, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, पंचायत एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आयुष्मान भारत कार्ड बनाने तथा उससे संबंधित समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया। वहीं, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उषा किरण ने नवजात शिशुओं की माताओं के बीच मातृत्व किट का वितरण किया।
इस अवसर पर विधायक कविता पासवान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। पंचायत स्तर पर आयोजित ऐसे सहयोग शिविरों से प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम हो रही है तथा लोगों को त्वरित सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की सहभागिता रही। उपस्थित लोगों ने इस पहल को जनहित में प्रभावी और उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
Post a Comment