बैसा। बैसा प्रखंड की असियानी पंचायत में मंगलवार को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याओं के आवेदन अधिकारियों को सौंपे।
पूरे दिन चले शिविर में कुल 240 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि संबंधी विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, पारिवारिक लाभ योजना सहित अन्य विभागों से जुड़े मामले शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने आवेदनों की जांच कर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
शिविर का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी एवं अंचलाधिकारी गोपाल कुमार ने किया। उन्होंने सभी विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
बीडीओ राजकुमार चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही हो और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। वहीं सीओ गोपाल कुमार ने कहा कि राजस्व एवं अंचल से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा।
शिविर में पंचायत की मुखिया अकेला खातून, मुखिया प्रतिनिधि जाहिद आलम, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इससे सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में काफी सुविधा मिल रही है।
Post a Comment